पर्यावरण संरक्षण अभियान के क्रम में थाना सुल्तानपुर घोष परिसर में लगाए गये सैकड़ों फलदार वृक्ष
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश शासन और फतेहपुर जिला प्रशासन के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता क्रम में एक पेड़ माँ के नाम चलाये जा रहे अभियान में और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से थाना सुल्तानपुर घोष परिसर में बुधवार को कार्यवाहक थाना अध्यक्ष राय साहब यादव के नेतृत्व में पौधारोपण का आयोजन किया गया। इस दौरान परिसर में आम, अमरूद, नींबू, आंवला, लीची समेत कई फलदार वृक्षों को लगाए गए।
कार्यक्रम में सुल्तानपुर घोष थाने के समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया,वृक्षारोपण के इस पुण्य कार्य में उपनिरीक्षक राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश पाण्डेय, कांस्टेबल रणविजय पटेल समेत थाने के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यवाहक थाना अध्यक्ष राय साहब यादव ने इस अवसर पर कहा “पेड़-पौधे न केवल हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन, छाया और भविष्य के लिए फल भी प्रदान करते हैं। इसलिए यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।”
