- हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
– आल्हा कार्यक्रम की तैयारी मातम में बदली, गांव में मचा कोहराम
फतेहपुर चांदपुर थाना क्षेत्र के मदरी गांव में आल्हा कार्यक्रम की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव का 22 वर्षीय आलोक उर्फ मोदी पुत्र कमलेश साहू साउंड सर्विस लगाने के लिए तार की केबल छत पर डाल रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन बेटे का शव देख बेसुध हो गए और घर में कोहराम मच गया। मृतक आलोक, एक आटा चक्की में काम करता था और दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई अनिरुद्ध की उम्र 16 वर्ष है, जबकि पिता कमलेश खेती करते हैं। सूचना मिलते ही चांदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
