*असोथर में मुठभेड़, किसान हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार*
*असोथर फतेहपुर*
थाना असोथर क्षेत्र में सोमवार को खेत की रखवाली कर रहे किसान की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी थी। मंगलवार रात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को सफलता मिली जब सरकंडी रोड नहर पुलिया के पास पुलिस मुठभेड़ में आरोपी पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त विजय तिवारी उर्फ पुत्तू तिवारी पुत्र रामकिशोर तिवारी निवासी गढ़ी मोहल्ला, कस्बा असोथर (उम्र लगभग 28 वर्ष) है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर भी किया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल, मृतक की मोटरसाइकिल (टीवीएस विक्की) और 4270 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी विजय तिवारी के खिलाफ असोथर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज था। अब उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में बढ़ोत्तरी कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
