दयानंद इंटर कॉलेज के छात्रों ने निकाली भव्य शोभायात्रा
महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज के 150 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम
शेखर सिद्दीकी / फतेहपुर
फतेहपुर /=जनपद के बिंदकी नगर में गुरुवार की सुबह ऐतिहासिक माहौल का साक्षी बना, जब महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दयानंद इंटर कॉलेज के छात्रों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा सुबह करीब 9 बजे नगर के कुंवरपुर रोड स्थित दयानंद इंटर कॉलेज से प्रारंभ हुई।यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं ने आकर्षक झांकियों और अपने-अपने कौशल का प्रदर्शन कर नगरवासियों का मन मोह लिया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—ललौली चौराहा, तहसील रोड, गांधी चौराहा, बजाज गली, किरनागली, फाटक बाजार, महाजनी गली, मुगल रोड से होते हुए पैगंबरपुर मोहल्ले तक पहुंची। इसके बाद पुनः ललौली रोड होते हुए यह शोभायात्रा दयानंद इंटर कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान जगह-जगह नगर के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस मौके पर वातावरण उत्साह और श्रद्धा से गूंज उठा। महर्षि दयानंद के उपदेशों और आर्य समाज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी भी शामिल हुए।आर्य समाज बिंदकी के प्रधान श्रवण कुमार ने कहा कि महर्षि दयानंद ने भारतीय समाज को अंधविश्वास और कुरीतियों से मुक्त करने का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। कॉलेज प्रबंधक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि यह अवसर केवल उत्सव नहीं, बल्कि महर्षि दयानंद के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प है।प्रधानाचार्य ओमप्रकाश बाजपेई ने छात्रों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को दयानंद सरस्वती के बताये सत्य, शिक्षा और समानता के मार्ग पर चलना चाहिए। कार्यक्रम में विश्वनाथ ओमर, इंद्रधर, कृष्ण कुमार, प्रियव्रत पांडे सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं व शिक्षक मौजूद रहे।नगर में निकली इस शोभायात्रा ने सामाजिक सद्भाव, शिक्षा और संस्कृति का अद्भुत संदेश दिया। नगरवासियों ने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
