जुगाड़ का कमाल: पुरानी बाइक से वहीद ने बनाया ई – रिक्शा
– वोकल फॉर लोकल का बना उदाहरण
फतेहपुर। असनी रोड दुर्गा चौराहे पर एक अनोखा जुगाड़ देखने को मिला है जो वाकई में वोकल फॉर लोकल का उदाहरण बना है। जुगाड़ के जरिए एक गरीब व्यक्ति वहीद ने अपनी पुरानी बाइक को ई-रिक्शा में तब्दील कर दिया है और अब इस ई- रिक्शा से वहीद अपने कमाई का जरिया बना लिया है।
इस व्यवस्था पर वहीद ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण नया ई-रिक्शा खरीदना उनके लिए संभव नहीं था। उनकी आय सिर्फ घर के खर्चों तक ही सीमित थी इसलिए उन्होंने एक पुरानी बाइक खरीदी और उसे रिक्शा में बदलने का निर्णय लिया। उन्होंने कम कीमत में पुराना लोहा और टायर खरीदकर रिक्शा बनाना शुरू किया। कई दिनों की मेहनत के बाद रिक्शा तैयार हुआ। पहले ट्रायल में ही उनकी मेहनत रंग लाई और रिक्शा सफलतापूर्वक चालू हो गया।
वहीद ने बताया कि अभी रिक्शे का साइड का काम बाकी है, जिसे वे अगले दो-चार दिनों में पूरा कर लेंगे। इस रिक्शे से वे घरेलू सामान ढोने और छोटा-मोटा व्यवसाय करके अपना खर्च चला सकेंगे।
