विद्युत समस्याओं को लेकर किसान यूनियन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन*
उपकेंद्रों की बदहाल व्यवस्था पर किसानों का फूटा गुस्सा
फतेहपुर जिला के किशनपुर और गढ़ा विद्युत उपकेंद्रों में लगातार बिगड़ती व्यवस्था, अनियमित विद्युत आपूर्ति और विभागीय लापरवाही के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संघ ग्रुप के नेतृत्व में उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करते हुए स्थानीय अधिकारियों के माध्यम से जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि उपकेंद्रों पर हाईटेंशन तारें कई स्थानों पर ढीली, कम ऊँचाई पर झुकी और बिना किसी सुरक्षा मानक के लटकी हैं, जिससे बड़े हादसों का खतरा बना हुआ है। गलत आंकलन के चलते उपभोगताओ को कई गुना अधिक बिल जारी किए जा रहे हैं, जबकि पर्याप्त और नियमित विद्युत आपूर्ति न मिलने से सिंचाई प्रभावित है और फसलें खतरे में पड़ रही हैं। किसानों ने प्रशासन से ढीली तारों को दुरुस्त कराने, गलत बिल संशोधित करने, ट्रांसफार्मर-लाइन सुधार में तेजी लाने और उपकेंद्रों की आपूर्ति को स्थिर करने की माँग की है।
किसानों की समस्याएँ सुनने के लिए मौके पर पहुँचे नायब तहसीलदार और विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर किसान यूनियन के ज्ञापन देने वाले पदाधिकारी में जितेंद्र त्रिपाठी जिला महासचिव, अखिलेश सिंह जिला उपाध्यक्ष, दिलीप सिंह, सत्येंद्र सिंह, करण सिंह पटेल, सूरज सिंह, सत्यजीत सिंह, रामचंद्र सिंह, संतोष सिंह, सुखलाल पूरा, रामलाल, रामचंद्र विश्वकर्मा, छेदीलाल, छेदीलाल बहेरा, अनंत सिंह सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त सैकड़ों किसान बैठक और प्रदर्शन में शामिल हुए।।
