मां की हत्या करने वाला आरोपी बेटा गिरफ्तार
फतेहपुर…… असोथर थाना क्षेत्र के पटैतापुर सेमरी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे कमलेश को हत्या में प्रयुक्त डंडे (आलाकत्ल) सहित गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात आरोपी कमलेश शराब के नशे में अपनी पत्नी से गाली-गलौज कर रहा था। यह देख उसकी मां ने विरोध किया तो कमलेश आपा खो बैठा और डंडे से हमला कर मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया था।
घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। थाना असोथर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुरुवार को आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ साक्ष्य एकत्र कर कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया गया।
