भारतीय बहुजन समाज संघ ने धूमधाम से मनाया संविधान दिवस
जहानाबाद (फतेहपुर)। कस्बा जहानाबाद के मोहल्ला दारागंज में मंगलवार को भारतीय बहुजन समाज संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संविधान दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समाजिक जागरूकता संदेश भी दिए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आरएस दिवाकर तथा जे.एस. कश्यप ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद वक्ताओं ने संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना और बाबा साहब अंबेडकर के योगदान पर विस्तृत चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सर्वोत्तम संविधान है, जो समानता, न्याय और स्वतंत्रता जैसे मूल्यों के साथ समाज को मजबूत आधार प्रदान करता है। इस दौरान वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पर भी विचार रखे गए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सभासद विष्णु गोपाल और कांग्रेस आई के वरिष्ठ पदाधिकारी अनूप सचान ने भी संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज संविधान की मूल भावना को समझना और उसे जीवन में उतारना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक समरसता, भाईचारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सोनेलाल, जगदंबिका प्रसाद, सत्येंद्र अंबेडकर, सुरेंद्र गौतम सहित भारतीय बहुजन समाज संघ के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं ने संविधान आधारित गीत, कविता और प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
संविधान दिवस के इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में जागरूकता और उत्साह का माहौल कायम किया।
