खाद वितरण को लेकर किसानों और समिति कर्मचारियों में विवाद।किसान किसान के साथ में हुई हाथापाई।
बिन्दकी, फतेहपुर।
विकास खंड अमौली स्थित सहकारी समिति जजमोइया में सोमवार को खाद वितरण के दौरान किसानों और समिति कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। यूरिया खाद की भारी किल्लत से जूझ रहे किसानों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब दिन भर लाइन में लगे रहने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल सकी।
किसानों का कहना है कि फसलें खराब होने की कगार पर हैं, लेकिन खाद न मिलने से उनकी परेशानियां दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। सुबह से ही किसान भूखे-प्यासे लंबी कतारों में खड़े रहे, फिर भी शाम तक खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।कई किसानों ने आरोप लगाया कि समिति में खाद निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर दी जा रही है। इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों की उदासीनता पर भी किसानों ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि आखिर किसके इशारों पर यह मनमानी चल रही है और क्या विभाग वास्तव में इस समस्या से अनजान है।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। किसानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द खाद की पर्याप्त व्यवस्था की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
