*ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन जिला प्रशिक्षण संस्थान, फतेहपुर का भव्य शुभारंभ*
फतेहपुर में ग्रामीण प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (GYCU) जिला प्रशिक्षण संस्थान, फतेहपुर का आज भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ संरक्षक,सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी श्री शिवस्वरूप जी एवं ग्राम प्रधान सेमरा मानापुर श्री सुरेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शुभारंभ कार्यक्रम के उपरांत फतेहपुरिया प्रीमियम लीग सीजन–2 का सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर रामकली क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम 20 ओवर में 102 रन ही बना सकी। रामकली की ओर से मोहित ने 43 रन, प्रिन्स ने 13 रन और अदित्य ने 11 रन का योगदान दिया। श्री राम क्रिकेट एकेडमी की शानदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम ऑलआउट हो गई। गेंदबाजी में आयुष मौर्य ने 4 विकेट, लक्की ने 2 विकेट और सचिन ने 2 विकेट झटककर अहम भूमिका निभाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्री राम क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत खराब रही और टीम ने 25 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद राहिल और शिशिर ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत की राह पर लौटाया। राहिल (21 रन) और शिशिर (28 रन) की जुझारू पारियों की बदौलत श्री राम क्रिकेट एकेडमी ने मुकाबला 2 विकेट से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। इस रोमांचक मुकाबले के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आयुष मौर्य को दिया गया। पुरस्कार वितरण डिप्टी एसपी श्री शिवस्वरूप जी द्वारा किया गया, जिन्होंने विजेता टीम को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं कार्यक्रम में ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन के महानिदेशक ए.बी. बाबू एवं फतेहपुर जिलाध्यक्ष अमित मौर्या, ग्राम प्रधान श्री सुरेंद्र कुमार, श्री राकेश यादव , कोच अभिमन्यु शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन जिले में क्रिकेट और खेल प्रशिक्षण को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
