रोडवेज बस की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लगाया जाम
फतेहपुर। जनपद में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, खुशबू देवी पत्नी सुजान गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे अपने भाई के साथ बाइक से जिला अस्पताल टीकाकरण कराने जा रही थीं। इसी दौरान देवीगंज पुल के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खुशबू देवी बस के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गर्भवती महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना से नाराज लोगों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जाम के चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। वहीं थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस बस और चालक की तलाश कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
