ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी ने यूपी की राजनीति में मचाई हलचल, बना ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’
2027 विधानसभा चुनाव साथ लड़ेंगे AIMIM और आजाद समाज पार्टी, चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा
दोआबा टुडे न्यूज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को राजधानी लखनऊ में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेता एक मंच पर नजर आए। गठबंधन का ऐलान करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। ओवैसी ने कहा कि यह मोर्चा प्रदेश में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा।
दलित, पिछड़े और वंचित समाज पर रहेगा फोकस,
दोनों नेताओं ने गठबंधन के जरिए दलित, मुस्लिम, पिछड़े, अति पिछड़े और समाज के वंचित वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को प्रमुख मुद्दा बनाने की बात कही। ओवैसी ने शिक्षा, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के अधिकारों को लेकर आवाज उठाने की बात कही।चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत पहल बताते हुए कहा कि इसमें पीड़ित, कमजोर और वंचित वर्गों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने इसे केवल चुनावी गठबंधन नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की मुहिम के रूप में पेश किया।
सपा, बसपा और कांग्रेस के सामने नई चुनौती?राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस नए मोर्चे के चुनावी प्रभाव पर टिकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में दलित एवं मुस्लिम मतदाताओं के बीच यह गठबंधन अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगा। इसके चलते सपा, बसपा और कांग्रेस के पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।हालांकि सीटों के बंटवारे और विधानसभा क्षेत्रों में दोनों दलों की चुनावी रणनीति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। आने वाले दिनों में गठबंधन की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों से इसकी वास्तविक ताकत का अंदाजा लगेगा।फिलहाल ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के एक साथ आने से उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी जंग और दिलचस्प हो गई है। अब देखना होगा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाता है।
