- रील बनाने का शौक पड़ा भारी, NH-2 पर स्टंट करने वाला युवक गिरफ्तार
,शारिब कमर,
वायरल वीडियो के आधार पर थरियांव पुलिस ने की कार्रवाई, Yamaha MT-15 बाइक सीज
दोआबा टुडे न्यूज
फतेहपुर। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की चाहत में युवा अपनी जान तक जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। रील बनाने के चक्कर में नेशनल हाईवे-2 पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टंट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए थरियांव पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसकी Yamaha MT-15 बाइक सीज कर दी।मामला थाना थरियांव क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में एक युवक NH-2 पर तेज रफ्तार से Yamaha MT-15 बाइक चलाते हुए खतरनाक तरीके से स्टंट करता दिखाई दे रहा था। युवक की इस लापरवाही से सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थरियांव पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर UP-71-BD-9476 के आधार पर युवक की पहचान की। पकड़े गए आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र प्रेम शंकर, निवासी बिन्द का सिमपुर, बीबी हॉल्ट, कसियापुर, थाना थरियांव, जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना थरियांव में मु0अ0सं0 320/2026, धारा 281, 270 एवं 125 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई Yamaha MT-15 बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने युवाओं को चेतावनी देते हुए अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
