हिस्ट्रीशीटर और खनन माफिया पर जानलेवा हमले का आरोप, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
पारुल सिंह…
– पुराने मुकदमे की रंजिश में खेत जाते समय पीड़ित और उसके साले पर हमला करने का आरोप, कार्रवाई न होने से परिवार में दहशत
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सीर इब्राहमीपुर निवासी बच्छराज सिंह ने कथित खनन माफिया और हिस्ट्रीशीटर श्यामसुंदर सिंह समेत उसके समर्थकों पर जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने और स्वयं सहित अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बच्छराज सिंह ने बताया कि गांव के श्यामसुंदर सिंह, शेष बहादुर सिंह, शिवम सिंह और रविन्द्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोगों से उसका पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि श्यामसुंदर सिंह और उसके सहयोगियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित के मुताबिक, एक अगस्त 2026 की रात खनन कार्य में लगी जेसीबी को खनन अधिकारियों द्वारा पकड़े जाने की आशंका के बीच वह अपने खेत के पास पानी लगा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर लाइसेंसी बंदूक और अवैध असलहों से उसे जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस घटना के संबंध में थाना हुसैनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 181/2026 दर्ज होने की बात कही गई है। पीड़ित का आरोप है कि पुराने मुकदमे की रंजिश को लेकर तीन नवंबर 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने साले लल्लू पुत्र स्वर्गीय अमरपाल सिंह निवासी पन्द्रभानपुर, थाना एयरपोर्ट, जनपद प्रयागराज के साथ अपने खेतों की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में शिवम सिंह, अरविन्द छैला और देवनाथ पासवान ने कथित खनन का विरोध करने पर दोनों को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके और उसके साले के सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लालबाबू, मान सिंह और अन्य राहगीरों की मदद से उनकी जान बच सकी। बच्छराज सिंह ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे श्यामसुंदर सिंह, शेष बहादुर सिंह और रविन्द्र प्रताप सिंह की साजिश है। उसने यह भी दावा किया कि खनन में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी श्यामसुंदर सिंह की है, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली अरविन्द और उसके सहयोगियों की हैं। पीड़ित के मुताबिक, तीन नवंबर की घटना के संबंध में थाना हुसैनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 300/2026 दर्ज है, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित ने आशंका जताई कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो हिस्ट्रीशीटर और उसके सहयोगी भविष्य में उसके तथा उसके परिवार के साथ कोई बड़ी वारदात कर सकते हैं। उसने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नामजद आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
