मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी
पारुल सिंह…
फतेहपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में गुरुवार को जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं तथा आमजन को उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। चौपाल में महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ तथा अन्य उत्पीड़न से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत के लिए आधिकारिक पोर्टल के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों, साइबर सुरक्षा और अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। पुलिस विभाग का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और उन्हें आत्मनिर्भर व जागरूक बनाना है।
