बहू-बेटी सम्मेलनों में महिलाओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
– मिशन शक्ति 6.0 के तहत गांवों और कस्बों में लगी चौपाल, हेल्पलाइन नंबरों व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
पारुल सिंह…
फतेहपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला पुलिसकर्मियों, मिशन शक्ति टीमों और एंटी रोमियो टीमों ने गांवों एवं कस्बों में चौपाल लगाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी।
सम्मेलनों में विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित और कामकाजी महिलाओं के साथ बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा 102 और 108 के उपयोग के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रमों में निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता और पारिवारिक परामर्श की सुविधा से भी अवगत कराया गया। पुलिस टीमों ने नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के विशेष प्रावधानों तथा पीड़ित केंद्रित न्याय व्यवस्था की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए।
