सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर गरिमा फाउंडेशन की बैठक, वेतन और पीएफ का मुद्दा उठा
,शारिब कमर,
आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर जताई नाराजगी, कर्मचारियों ने एकजुट होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ने का लिया संकल्प
फतेहपुर। नगर पालिका परिषद फतेहपुर में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर रविवार को सफाई कर्मी गरिमा फाउंडेशन के तत्वावधान में विजय बख्शी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों के शोषण, लंबित पीएफ, वेतन पर्ची, साप्ताहिक अवकाश और शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।बैठक के मुख्य अतिथि कानपुर से आए देव कबीर रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व सफाई नायक किशोरी ने की। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन पूर्व सभासद धीरज कुमार ने किया।मुख्य अतिथि देव कबीर ने कहा कि सफाई कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी पूरी ईमानदारी और मेहनत से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। कोरोना काल से लेकर विभिन्न त्योहारों तक सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उपेक्षा, उत्पीड़न और शोषण का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। ऐसे में सफाई कर्मचारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित होना होगा।
पूर्व सभासद धीरज कुमार ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कम वेतन में अधिक काम लेने की व्यवस्था कर्मचारियों के शोषण को बढ़ावा दे रही है। सफाई कर्मचारियों के सम्मान और गरिमा को स्थापित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।बैठक में कर्मचारी राजू ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित वेतन पर्ची उपलब्ध कराने तथा नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारियों का लंबित पीएफ जमा कर उसका पूरा लेखा-जोखा देने की मांग उठाई। केशव ने संविदा कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश और बकाया पीएफ दिलाने की बात कही। वहीं संजय ने शासन द्वारा निर्धारित अवकाश देने और कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों द्वारा आए दिन कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।मालती वाल्मीकि ने कर्मचारी परिवारों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरटीई के माध्यम से बच्चों को अच्छे विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा सकता है। प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि जब तक कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। विजय बख्शी ने भी आउटसोर्सिंग व्यवस्था को कर्मचारियों के शोषण का माध्यम बताया।वहीं कवि बाबूराम बादल ने अपनी कविताओं के माध्यम से स्वच्छकार समाज की पीड़ा, संघर्ष और मौजूदा परिस्थितियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।इस मौके पर देव कबीर, कुंवरजीत, चमन बिरहा, धीरज कुमार, विजय कुमार बख्शी, बाबूराम बादल, अरुण कुमार, संजय बख्शी, अभिषेक, हरिकिशन, संदीप कुमार, राजू, प्रकाश आंबेडकर, मालती वाल्मीकि, नीरज कुमार, आशीष बैरीशाल, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, अव्वल, राजेंद्र कुमार, राम सजीवन, राजा, राहुल, मनजीत, सुरजीत सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
