सेवा और समर्पण की मिसाल थे डॉ. सत्यनारायण, जयंती पर दिव्यांग बच्चों को बांटी सामग्री
रवि विश्वकरमा….
फतेहपुर। सुप्रसिद्ध आध्यात्मवेत्ता एवं होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सत्यनारायण श्रीवास्तव की 119वीं जयंती रविवार को डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में श्रीकृष्ण आदर्श विद्या मंदिर दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने डॉ. सत्यनारायण श्रीवास्तव के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद पुनर्वास केंद्र में मौजूद दिव्यांग बच्चों को खाद्य सामग्री एवं पठन-पाठन की सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी नजर आई। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. सत्यनारायण श्रीवास्तव उनके नाना थे। वे योग्य होम्योपैथिक चिकित्सक होने के साथ ही समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। निर्धन लोगों का निशुल्क उपचार करना उनकी सेवा भावना का हिस्सा था। उन्होंने नगरपालिका परिषद, आर्य समाज, रामलीला कमेटी सहित जनपद के कई विद्यालयों में प्रबंधक एवं सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि अपने नाना के सेवा और समर्पण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लिया गया है। जयंती के अवसर पर भी इसी सेवा भावना के तहत दिव्यांग बच्चों के बीच सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सहयोगी मनीष कुमार, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के होम्योपैथिक केमिस्ट प्रकोष्ठ के संयोजक अभिनव श्रीवास्तव तथा चैतन्य कुमार मौजूद रहे।
