भिटौरा बाईपास के पास एनएच-2 पर हुआ दर्दनाक हादसा, मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया घायल मासूम
,शारिब कमर,
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 स्थित भिटौरा बाईपास के समीप रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने मोपेड सवार बाबा और उनके आठ वर्षीय नाती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया, जबकि मासूम की हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार अमहईया लक्ष्मीपुर गांव निवासी स्वर्गीय हरि प्रसाद के 58 वर्षीय पुत्र रामलाल अपने आठ वर्षीय नाती मयंक पुत्र मुलायम सिंह के साथ मोपेड से शहर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे भिटौरा बाईपास के पास नेशनल हाईवे-2 पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबा और नाती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद रामलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं आठ वर्षीय मयंक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।उधर, हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
