श्रद्धालुओं की सुविधाओं से सजा माँ शीतला धाम, प्रवेश द्वार व प्रांगण का लोकार्पण
पारुल सिंह….
फतेहपुर। सिद्धपीठ माँ शीतला धाम मंदिर धर्मदासपुर थरियांव में विधायक निधि से कराए गए मुख्य प्रवेश द्वार एवं मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को लोकार्पण किया गया। सांसद नरेश चन्द्र उत्तम पटेल और सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्य का लोकार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने कहा कि सिद्धपीठ माँ शीतला धाम का विकास जनपद के लिए ऐतिहासिक और गौरव का विषय है। धार्मिक स्थलों के विकास एवं जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के दौरान माताओं-बहनों और बुजुर्गों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। श्रद्धालुओं के बैठने और विश्राम के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं, जिससे मंदिर आने वाले लोगों को पूजा-अर्चना के दौरान सुविधा मिल सके। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, विधायक ऊषा मौर्या, राज कुमार मौर्य, जालिम सिंह एडवोकेट, बच्चा सिंह, दयालू गुप्ता, समरजीत सिंह, विपिन यादव, बीरेन्द्र यादव, दलजीत निषाद, रीता प्रजापति, संगीता राज पासी, रामतीर्थ परमहंस, देवेन्द्र लोधी, चौधरी मन्जरयार, विनय तिवारी, आरिफ गुड्डा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रधान, अधिवक्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य मौजूद रहे।
