कुएं में गिरकर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने किया आरोपों का खंडन,
पारुल सिंह,
परिजनों की तहरीर में अंधेरे के कारण कुएं में गिरने की बात, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
फतेहपुर। जाफरगंज कस्बे में लगने वाले पारंपरिक मेले के दौरान कुएं में गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए भरतपुर गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा (50) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद शनिवार सुबह मृतक के परिजन और कस्बे के कुछ लोग शव लेकर थाना जाफरगंज पहुंच गए। इस दौरान पुलिस पर आरोप लगाया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से भगदड़ मची, जिसके चलते नरेंद्र कुशवाहा कुएं में गिर गए।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। जांच में मेले के दौरान पुलिस के आने से भगदड़ मचने और उसके कारण हादसा होने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है।
एसपी के अनुसार, मृतक के परिजनों से बातचीत की गई तो उन्होंने भी स्पष्ट किया कि पुलिस के आने से भगदड़ मचने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। परिजनों की ओर से थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि नरेंद्र कुशवाहा अंधेरा होने के कारण कुएं में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। वहीं, पीड़ित परिवार को शासन-प्रशासन की ओर से मिलने वाली आपदा राहत एवं आर्थिक सहायता के संबंध में भी जानकारी दे दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर नियमानुसार जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच कराई गई है और परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर घटना के तथ्यों को सामने रखा गया है।
