- फतेहपुर में दो मंदिरों की प्रतिमाएं खंडित, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस ने आरोपी को दबोचा
रवि विश्वकर्मा
जीआरपी स्टेशन के पास दुर्गा मंदिर और रेलबाजार के काली मंदिर में हुई घटना, नशे की हालत में प्रतिमाएं तोड़ने का आरोप
फतेहपुर। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र में धार्मिक स्थलों की प्रतिमाएं खंडित किए जाने का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। जीआरपी स्टेशन के समीप स्थित दुर्गा मंदिर और रेलबाजार स्थित काली मंदिर में मां काली, मां दुर्गा, मां चंडी एवं भगवान गणेश की प्रतिमाएं खंडित किए जाने की सूचना पर पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, शनिवार 14 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में एक व्यक्ति ने सूचना दी कि एक युवक ने नशे की हालत में दोनों मंदिरों में स्थापित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बनने लगा।मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वादी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप पटेल पुत्र रमेश, निवासी रेलबाजार, थाना कोतवाली, जनपद फतेहपुर के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।घटना के बाद पुलिस ने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।
