*एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने दीवानी न्यायालय परिसर का किया औचक निरीक्षण*
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
*शारिब कमर*
*फतेहपुर* ।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को जनपद स्थित दीवानी न्यायालय परिसर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सबसे पहले सीसीटीवी कंट्रोल रूम का मुआयना किया। उन्होंने सभी कैमरों की कार्यशीलता जांची और रिकॉर्डिंग व लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था को परखा। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रहें और फीड की प्रभावी निगरानी लगातार की जाए, ताकि परिसर में होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
इसके बाद एसपी बंदी गृह पहुंचे। वहां उन्होंने बंदियों की अभिरक्षा, सुरक्षा प्रबंध और बैरक की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। न्यायालय परिसर की बाहरी व आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का भी उन्होंने स्थलीय निरीक्षण किया।
इस अवसर पर न्यायालय सुरक्षा में तैनात गार्द और पुलिस बल को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा
ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता और मुस्तैदी बरती जाए संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जाए न्यायालय आने वाले वादकारियों और आमजन से शालीनता और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए एसपी मांगलिक ने परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।पुलिस के इस निरीक्षण से न्यायालय परिसर में सुरक्षा को लेकर वकीलों और वादकारियों में संतोष देखा गया।
