बिजली के फॉल्ट से लगी आग
▪️किशनपुर थाना क्षेत्र के चंदापुर गढ़ा मे पूरा घर राख के ढेर मे तब्दील
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले किशनपुर थाना क्षेत्र के चंदापुर गढ़ा गांव में गुरुवार देर शाम एक मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर का सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जबकि मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। यह घटना गांव निवासी गया पासवान के घर में रात करीब 8 बजे हुई। ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाल्टियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने दैनिक आवश्यकताओं का संकट खड़ा हो गया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
किशनपुर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि आग से हुए नुकसान का सटीक आकलन करना अभी मुश्किल है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास जारी है और दमकल विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।
