एकादशी पर बुजुर्गों की सेवा बनी पुण्य का माध्यम, स्वादिष्ट भोजन पाकर खिल उठे चेहरे
फतेहपुर। आज गुरुवार को पावन एकादशी के शुभ अवसर पर भोजन जन सेवा समिति फतेहपुर के तत्वावधान में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धजन आवास में सेवा एवं समर्पण का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर फतेहपुर के शिवानी शर्मा पत्नी कृष्णा विश्वकर्मा द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को स्वादिष्ट एवं लजीज भोजन के साथ मिष्ठान की व्यवस्था की भोजन वितरण कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष कुमार शेखर ने स्वयं सभी बुजुर्गों की थालियों में प्रेमपूर्वक भोजन परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया। आत्मीयता और सम्मान के साथ परोसे गए भोजन को ग्रहण कर वृद्धजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बुजुर्गों ने आयोजकों को ढेरों आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं निरंतर जनसेवा की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज के उन वरिष्ठ नागरिकों के बीच जाकर, जो अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समाज और परिवार को समर्पित कर चुके हैं, उनके साथ कुछ पल बिताना और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराना वास्तव में मानवता की सच्ची सेवा है। ऐसे कार्य न केवल सामाजिक संवेदनाओं को मजबूत करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी सेवा, करुणा और संस्कारों का संदेश देते हैं।
कुमार शेखर ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। एकादशी जैसे पावन पर्व पर उनके बीच पहुंचकर सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त होना अत्यंत प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम का समापन बुजुर्गों के आशीर्वाद एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने शिवानी शर्मा एवं कृष्णा विश्वकर्मा परिवार की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक अनुकरणीय पहल बताया।
